प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 51 हजार से अधिक युवाओं नियुक्ति पत्र सौंपा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नौकरी मिली। वहीं इस दौरान रांची में 132 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
रोजगार मेला के जरिए झारखंड सहित देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र बांटा गया। रांची में 132 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया। रांची के सीसीएल स्थित दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, रांची रेल डीआरएम ने विभिन्न विभागों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने नियुक्ति पत्र पानेवाले अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि ये युवा कल के विकसित भारत के ब्रांड एंबेसडर होंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जो कहते हैं वो करते हैं जो आज मोदी जी ने करके दिखाया। उन्होंने कहा 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दी गई है। इन युवाओं का सौभाग्य है कि पीएस नरेंद्र मोदी ने खुद हस्ताक्षर करके नियुक्ति पत्र भेजा है।
देश के 47 शहरों में हुए 19वें रोजगार मेले में PM मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से बातचीत भी करेंगे। इससे पहले देशभर में 18 रोजगार मेले हो चुके हैं, जिनमें करीब 12 लाख युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए जा चुके हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन देशभर के हजारों युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अब देश की विकास यात्रा के जिम्मेदार भागीदार बनने जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन समेत कई क्षेत्रों में युवा नई जिम्मेदारियां संभालेंगे और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी चयनित युवाओं और उनके परिवारों को इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।