भागलपुर में ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट की शुरुआत की है। जिलाधिकारी आलंकृता पांडेय ने यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह मोबाइल स्वास्थ्य सेवा पीरपैंती में निर्माणाधीन पावर प्लांट के आसपास स्थित 30 गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इसके लिए क्षेत्र में 18 निर्धारित स्टॉपेज प्वाइंट तय किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मोबाइल यूनिट इन स्थानों पर पहुंचेगी और स्थानीय लोगों को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
मोबाइल हेल्थ यूनिट के जरिए ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श मिलेगा। जांच के दौरान जिन लोगों को दवा की आवश्यकता होगी, उन्हें मुफ्त दवा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे ग्रामीणों को उनके आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिन्हें इलाज या चिकित्सकीय सलाह के लिए दूर जाना पड़ता है। मोबाइल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। अदाणी फाउंडेशन की इस पहल को क्षेत्र के ग्रामीण समुदायों के स्वास्थ्य और कल्याण को बेहतर बनाने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।