नगर निकाय चुनाव 2026 : भाजपा समर्थित प्रत्याशी रौशनी खलखो ने नामांकन दाखिल किया

नगर निकाय चुनाव 2026 : भाजपा समर्थित प्रत्याशी रौशनी खलखो ने नामांकन दाखिल किया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 04, 2026, 3:53:00 PM

रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रौशनी खलखो ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन प्रक्रिया से पहले उन्होंने शहर में भव्य और लंबी रैली निकालकर चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में चुनावी उत्साह चरम पर नजर आया। जगह-जगह नारेबाजी, ढोल-नगाड़ों और जुलूस के माध्यम से समर्थकों ने अपनी उम्मीदवार के प्रति समर्थन जताया। इस शक्ति प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने मंच से रौशनी खलखो का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें चुनाव में पूरा समर्थन देने की बात कही।

बताया जा रहा है कि रौशनी खलखो इससे पहले पार्षद के रूप में कार्य कर चुकी हैं और नगर निगम से जुड़े कार्यों का अनुभव रखती हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो उनका प्रमुख उद्देश्य शहर के विकास कार्यों को गति देना और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना रहेगा।

गौरतलब है कि रांची नगर निगम चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होना है, जबकि 27 फरवरी को मतगणना कराई जाएगी। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे रांची में राजनीतिक गतिविधियां और चुनावी हलचल तेज होती जा रही है।