नगरपालिका चुनाव 2026: झारखंड के 24 जिलों में 7000 होमगार्ड तैनात, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

नगरपालिका चुनाव 2026: झारखंड के 24 जिलों में 7000 होमगार्ड तैनात, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 17, 2026, 12:39:00 PM

झारखंड में होने वाले नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्यभर के सभी 24 जिलों में कुल 7,000 होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

इस संबंध में सरकार के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश तिवारी ने आईजी अभियान को पत्र भेजकर तैनाती और कार्य-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभागीय आदेश के मुताबिक यह निर्णय पुलिस मुख्यालय से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है, ताकि मतदान केंद्रों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।

20 फरवरी से 24 फरवरी तक 5 दिन ड्यूटी पर रहेंगे जवान

सरकारी आदेश के अनुसार सभी होमगार्ड जवानों की ड्यूटी 20 फरवरी 2026 की सुबह से शुरू होकर 24 फरवरी 2026 तक चलेगी। यानी कुल पांच दिनों तक ये जवान चुनावी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। तैनाती सूची के अनुसार राजधानी रांची में सबसे अधिक 1,000 होमगार्ड जवानों को लगाया गया है। वहीं धनबाद और बोकारो में भी बड़ी संख्या में जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला वार तैनाती सूची

राज्य के विभिन्न जिलों में होमगार्ड जवानों की संख्या इस प्रकार तय की गई है:

  • रांची: 1000

  • गुमला: 150

  • सिमडेगा: 100

  • लोहरदगा: 50

  • खूंटी: 150

  • लातेहार: 110

  • गढ़वा: 300

  • पलामू: 400

  • चाईबासा: 300

  • सरायकेला: 400

  • जमशेदपुर: 206

  • हजारीबाग: 200

  • गिरिडीह: 350

  • कोडरमा: 100

  • रामगढ़: 527

  • चतरा: 220

  • धनबाद: 700

  • बोकारो: 632

  • दुमका: 150

  • जामताड़ा: 200

  • देवघर: 303

  • साहेबगंज: 250

  • गोड्डा: 202

  • पाकुड़: 100

कुल तैनाती: 7000 होमगार्ड जवान

सरकार का मानना है कि इस अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती से चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी होगी।