झारखंड में मॉनसून फिर हुआ एक्टिव, इन जिलों में बरसेंगे बादल

झारखंड में मॉनसून फिर हुआ एक्टिव, इन जिलों में बरसेंगे बादल

झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बादलों का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 और 18 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी की आशंका जताई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक खूंटी, रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और चतरा में मौसम खराब रह सकता है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

बादल और बारिश के कारण रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इन इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि, मॉनसून पूरी तरह कमजोर नहीं होगा और राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर हल्की अथवा छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, दुमका, हजारीबाग, पलामू, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा और देवघर समेत कई क्षेत्रों में 21 अगस्त तक बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जरूरी काम न होने पर खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।