झारखंड सरकार की मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार, 21 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक का आयोजन दोपहर तीन बजे से प्रोजेक्ट भवन में किया जाएगा। इसकी आधिकारिक जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें स्वीकृति दी जा सकती है। इनमें वन, ऊर्जा, पथ निर्माण तथा जल संसाधन विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं, जिन पर सरकार अंतिम निर्णय ले सकती है।
इसके अलावा, बैठक में अंगिका, भोजपुरी और मगही भाषाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। इन भाषाओं को लेकर सरकार की संभावित पहल पर मंत्रिमंडल स्तर पर मंथन हो सकता है। सरकार की इस कैबिनेट बैठक को कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद राज्य में कई योजनाओं और परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो सकता है।