रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ निकाले जा रहे छात्र आंदोलन के दौरान शुक्रवार को अचानक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। विधानसभा मार्च के बीच एक युवक ने छात्र नेताओं पर स्याही फेंक दी, जिसके बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मार्च में शामिल AISA की छात्र नेता नेहा बोरा समेत विभा, शिवानी, स्नेहा और सृष्टि पर युवक ने स्याही फेंकी। घटना के तुरंत बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने युवक का विरोध शुरू कर दिया। इससे मौके पर तनाव बढ़ गया और कुछ देर तक स्थिति असहज बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से मामला आगे बढ़ने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने के साथ-साथ स्याही फेंके जाने के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि JPSC-JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों ने विधानसभा मार्च का आह्वान किया था। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अलग-अलग छात्र संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए हैं।