प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने मंगलवार को राज्यभर के सभी 24 जिला मुख्यालयों पर एक साथ महाधरना आयोजित किया। इसी क्रम में जामताड़ा समाहरणालय के समक्ष भी बड़ी संख्या में छात्र-युवा और संगठन के कार्यकर्ता एकत्र हुए तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए JLKM के जामताड़ा जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) और अन्य भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने मांग की कि जिन परीक्षाओं पर संदेह जताया गया है, उनकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराई जाए। साथ ही यदि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा आवश्यक होने पर प्रभावित परीक्षाओं को निरस्त कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दोबारा आयोजित कराया जाए।
संगठन ने भविष्य में होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने की भी मांग की। वक्ताओं का कहना था कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
धरने के दौरान JLKM ने राज्य सरकार को तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया। संगठन का कहना है कि यदि इस अवधि के भीतर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छात्र-युवाओं के साथ संवाद कर कोई ठोस निर्णय नहीं लेते हैं, तो पूरे राज्य के अभ्यर्थियों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी उठाने की बात कही गई।
कार्यक्रम के समापन पर संगठन के प्रतिनिधियों ने जामताड़ा उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा। प्रदर्शन में केंद्रीय पदाधिकारी चक्रधारी चौधरी, जिला महासचिव बृजेश राउत, ललन कुमार, अर्जुन मंडल, रिजाउल अंसारी, बबलू महतो, सरोज यादव, शांतिमय रुज, अशोक घोष, उत्तम मंडल, नजरुल अंसारी सहित बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट