त्योहारों को लेकर झारखंड पुलिस की बड़ी रणनीति, जुलूस मार्गों का होगा सत्यापन; समीक्षा बैठक आज

त्योहारों को लेकर झारखंड पुलिस की बड़ी रणनीति, जुलूस मार्गों का होगा सत्यापन; समीक्षा बैठक आज

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 17, 2026, 10:19:00 AM

झारखंड में आगामी ईद-उल-फितर, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए राज्य पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर तीन बजे पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में एक अहम उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है।

यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी, जिसमें राज्य के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी शामिल होंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे पूरी तैयारी के साथ बैठक में भाग लें, क्योंकि इसमें कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए 18 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा प्रस्तावित है। इनमें संभावित उपद्रवियों के खिलाफ पहले से कार्रवाई, संवेदनशील इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, तथा जुलूस मार्गों की सघन निगरानी शामिल है। तकनीकी निगरानी को भी प्राथमिकता दी गई है, जिसके तहत सीसीटीवी और ड्रोन के उपयोग पर जोर दिया जाएगा।

त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूसों के मार्गों का भौतिक निरीक्षण, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही, जिला और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकों के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की पहल को बढ़ावा दिया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि डीजे या अन्य साउंड सिस्टम के जरिए किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर सख्ती से रोक रहेगी। इसके अलावा दंगा नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता, एंटी-रॉयट अभ्यास, अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान, तथा आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने जैसे मुद्दों पर भी जोर दिया जाएगा।

इसके साथ ही लंबित वारंटों के निष्पादन और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की समीक्षा भी बैठक का हिस्सा होगी। पुराने सांप्रदायिक मामलों की स्थिति पर भी चर्चा कर उनके निपटारे की दिशा में कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अतिरिक्त बल और होमगार्ड की जरूरत का आकलन कर समय रहते उनकी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि पूरे राज्य में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।