विधायक रागिनी सिंह और धनबाद महापौर ने राज्यपाल संतोष गंगवार से की मुलाकात, 'क्लस्टर सिस्टम' का मुद्दा उठाया

झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से विधायक रागिनी सिंह और धनबाद महापौर संजीव सिंह ने मुलाकात की।

झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से विधायक रागिनी सिंह और धनबाद महापौर संजीव सिंह ने मुलाकात की। दोनों नेताओं ने लोक भवन, रांची में राज्यपाल-सह-झारखण्ड राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार से भेंट कर उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर ज्ञापन सौंपा।  

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार का विधानसभा सदस्य एवं महापौर, धनबाद द्वारा बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद अंतर्गत महाविद्यालयों में प्रस्तावित 'क्लस्टर सिस्टम' के संबंध में छात्रहित एवं व्यावहारिक समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया। 

विधायक रागिनी सिंह और धनबाद महापौर संजीव सिंह ने ज्ञापन में लिखा है कि धनबाद एवं कोयलांचल क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए इस व्यवस्था के लागू होने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को आवागमन, समय एवं आर्थिक बोझ जैसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। 

इसके अतिरिक्त झरिया विधानसभा क्षेत्र स्थित राजा शिव प्रसाद कॉलेज से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु भी ज्ञापन समर्पित किया गया और छात्रहित में इन समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक पहल किए जाने का अनुरोध किया गया।