झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी ने राज्य के पेंशनरों, विभिन्न बोर्ड-निगमों और विश्वविद्यालयों से जुड़े कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक लाभार्थी 31 मई तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह नामांकन आगामी बीमा अवधि, मई 2026 से अप्रैल 2027, के लिए मान्य होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित विभागों के डीडीओ या अधिकृत अधिकारी द्वारा सभी आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत ही आवेदक प्रीमियम भुगतान करने के पात्र होंगे। योजना के तहत एक वर्ष के लिए 6000 रुपये की एकमुश्त राशि निर्धारित की गई है, जिसका भुगतान समयसीमा के भीतर करना अनिवार्य होगा। समय पर प्रीमियम जमा नहीं करने पर योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। इस बार उन पेंशनरों को भी मौका दिया गया है, जो पिछले वर्ष योजना से जुड़े थे लेकिन किसी कारणवश प्रीमियम जमा नहीं कर सके थे। वे पुनः पंजीकरण कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के संचालन की जिम्मेदारी इस बीमा वर्ष के लिए टाटा एआईजी इंश्योरेंस कंपनी को सौंपी गई है। वहीं, आवेदन प्रक्रिया या अन्य किसी प्रकार की सहायता के लिए विभाग ने 1800-3455-027 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जहां लाभार्थी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।