जामताड़ा में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, अखंड भारत के संकल्प के साथ निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

जामताड़ा में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, अखंड भारत के संकल्प के साथ निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

आगामी 14 अगस्त को आयोजित होने वाले अखंड भारत संकल्प दिवस के मद्देनजर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को नाला स्थित पीडब्ल्यूडी परिसर में दोनों संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक की शुरुआत बजरंग दल के जिला संयोजक जीत दुबे को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 14 अगस्त को जामताड़ा में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना बताया गया।

बैठक के दौरान तिरंगा यात्रा के संभावित मार्ग, आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न जिम्मेदारियों के वितरण और व्यापक जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकजुटता के भाव को मजबूत करने का अवसर है। इसी उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि तिरंगा यात्रा को सफल और व्यापक बनाने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

बैठक में जिला मंत्री संजय परशुरामका, जिला संयोजक जीत दुबे, प्रखंड अध्यक्ष संतोष सिंह, प्रखंड मंत्री अजीत बर्नवाल, प्रखंड संयोजक पार्थ चक्रवर्ती, गौ रक्षा प्रमुख सुजीत राउत, मिलन प्रमुख राणा बाउरी, मीडिया प्रभारी तपू घोष, जयंत चंद्र, विकास मंडल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट