पंचवटी प्लाजा में तीसरे दिन भी IT की छापेमारी, वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेज़ों की हो रही पड़ताल

पंचवटी प्लाजा में तीसरे दिन भी IT की छापेमारी, वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेज़ों की हो रही पड़ताल

राजधानी रांची में स्थित पंचवटी प्लाजा के रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन कार्यालय पर आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। जांच टीम वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के साथ-साथ कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरणों की गहन पड़ताल कर रही है। विभाग कथित वित्तीय अनियमितताओं और कर संबंधी मामलों की जांच के तहत यह कार्रवाई कर रहा है।

आयकर विभाग की यह कार्रवाई केवल रांची तक सीमित नहीं है। झारखंड, बिहार और हरियाणा के गुरुग्राम समेत कंपनी के कुल पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। विभाग को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और कथित बेनामी संपत्तियों से संबंधित इनपुट मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया।

सूत्रों के अनुसार, इस व्यापक कार्रवाई में आयकर विभाग के करीब 200 अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है, जो विभिन्न स्थानों पर एक साथ जांच में जुटे हुए हैं। अधिकारी कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड, लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का मिलान कर संभावित अनियमितताओं की पड़ताल कर रहे हैं।

रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से जुड़ी सड़क परियोजनाओं के अलावा स्टेडियम, आवासीय और अन्य भवन निर्माण, पुल-पुलिया निर्माण तथा खनन क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर कार्य करती है। ऐसे में इस कार्रवाई पर कारोबारी और निर्माण क्षेत्र की भी नजर बनी हुई है।