कोहरे और बर्ड हिट ने बढ़ाई मुश्किलें, हैदराबाद-रांची फ्लाइट की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

कोहरे और बर्ड हिट ने बढ़ाई मुश्किलें, हैदराबाद-रांची फ्लाइट की कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 18, 2025, 3:03:00 PM

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते हैदराबाद से रांची जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान को यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोलकाता की ओर मोड़ना पड़ा। रांची में घना कोहरा और बेहद कम दृश्यता होने के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी थी।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को यह विमान करीब 180 यात्रियों को लेकर हैदराबाद से रवाना हुआ था। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के चलते पायलट ने सावधानी बरतते हुए विमान को कोलकाता डायवर्ट कर दिया। बाद में जब रांची में मौसम में कुछ सुधार हुआ, तो विमान ने कोलकाता से दोबारा उड़ान भरी।

हालांकि, उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान के अगले हिस्से से एक पक्षी टकरा गया, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और विमान को सुरक्षित रूप से वापस कोलकाता एयरपोर्ट पर उतार लिया। इस आपात लैंडिंग से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

तकनीकी जांच के दौरान विमान में आई खराबी को मौके पर दूर नहीं किया जा सका। इसके बाद एयरलाइंस ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दूसरे विमान से रांची भेजने की व्यवस्था की। पूरी घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली, वहीं चालक दल की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की जा रही है।