धनबाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल

धनबाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल

धनबाद में फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच बरवाअड्डा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। निरंकारी चौक के पास लेवी वसूली के लिए पहुंचे तीन अपराधियों का सामना पुलिस गश्ती दल से हुआ। इस दौरान अपराधियों की ओर से गोली चलाए जाने के बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हुए, जबकि तीसरा मौके से भागने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार, घायल अपराधियों की पहचान पुटकी निवासी 36 वर्षीय नजीर अंसारी और वासेपुर निवासी 35 वर्षीय इरफान अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद समेत धनबाद और बरवाअड्डा थाना की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। इलाके की घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, मोबाइल फोन और वह बाइक भी बरामद की है, जिससे तीनों अपराधी पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधी लेवी वसूलने के उद्देश्य से इलाके में आए थे। पुलिस फरार हुए तीसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार के मुताबिक, गश्ती दल को अपराधियों के लेवी वसूली के लिए पहुंचने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो अपराधियों से उसका आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान नजीर अंसारी और इरफान अंसारी को गोली लगी।

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए अपराधियों में से एक कथित तौर पर गोपी खान के संपर्क में था और उससे फोन पर बातचीत कर रहा था। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और प्रिंस खान-गोपी खान से जुड़े आपराधिक नेटवर्क पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।