धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच आगे बढ़ रही है। एजेंसी ने एलबी सिंह के साले रंजीत सिंह और उनके भाई विश्व विजय सिंह को पूछताछ के लिए रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में तलब किया था। हालांकि, दोनों ने तय तारीख पर पेश होने के बजाय ईडी से एक-एक महीने की अतिरिक्त मोहलत देने का अनुरोध किया है।
ईडी की ओर से रंजीत सिंह को 18 अगस्त और विश्व विजय सिंह को 19 अगस्त को कार्यालय में उपस्थित होने के लिए समन जारी किया गया था। दोनों को जांच के दौरान सामने आए वित्तीय लेनदेन और अन्य दस्तावेजों के संबंध में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि कोयला घोटाले से संबंधित जांच के दूसरे चरण में ईडी के हाथ कुछ ऐसे दस्तावेज लगे, जिनकी पड़ताल के बाद एलबी सिंह के रिश्तेदारों की वित्तीय गतिविधियां जांच के दायरे में आईं। प्रारंभिक जांच में रंजीत सिंह और विश्व विजय सिंह के बैंक खातों में बीसीसीएल की ओर से भुगतान किए जाने के संकेत मिले हैं।
जांच एजेंसी को दोनों खातों में बड़े पैमाने पर धनराशि के आवागमन की जानकारी मिली है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इनके बैंक खातों से प्रतिदिन औसतन करीब दो-दो करोड़ रुपये के लेनदेन हुए। ईडी अब इन लेनदेन के स्रोत, उद्देश्य और संबंधित कारोबारी गतिविधियों का ब्योरा खंगाल रही है।
जांच के दौरान रंजीत सिंह के नाम पर करीब 18 से 20 करोड़ रुपये की सावधि जमा यानी फिक्स्ड डिपॉजिट होने की जानकारी भी सामने आई है। एजेंसी इन वित्तीय संपत्तियों और बैंकिंग गतिविधियों के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। अब दोनों के अनुरोध पर ईडी आगे क्या निर्णय लेती है, यह महत्वपूर्ण होगा। पूछताछ के दौरान इन वित्तीय लेनदेन और बीसीसीएल से हुए कथित भुगतानों से जुड़े सवालों पर दोनों से विस्तृत जानकारी लिए जाने की संभावना है।