झारखंड में ठंड की विदाई शुरू, लेकिन सुबह की सिहरन बरकरार

झारखंड में ठंड की विदाई शुरू, लेकिन सुबह की सिहरन बरकरार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 05, 2026, 2:43:00 PM

झारखंड में बसंत ऋतु की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। सर्दी धीरे-धीरे विदा होने के संकेत दे रही है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं चलने के कारण लोगों को अब भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, दिन चढ़ते ही धूप तेज होने से कई इलाकों में गर्मी का अहसास बढ़ गया है।

बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। इसी तरह अधिकतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने के कारण मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत पर असर डाल सकता है। चिकित्सकों की मानें तो ऐसे बदलाव के कारण सर्दी-खांसी, सांस संबंधी परेशानी और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

गुमला और हजारीबाग में पारा 10 डिग्री से नीचे

मौसम केंद्र रांची की 5 फरवरी को जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सबसे ठंडे जिले गुमला और हजारीबाग रहे, जहां न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से 15.7 डिग्री के बीच रहा। प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज हुआ:

  • रांची: 13.4 डिग्री

  • जमशेदपुर: 15.7 डिग्री

  • बोकारो: 12.6 डिग्री

  • डालटनगंज: 11.1 डिग्री

  • सरायकेला: 13.9 डिग्री

इसके अलावा, कोडरमा में 15.4, खूंटी में 11.2, लातेहार में 12.1, लोहरदगा में 11.0, पाकुड़ में 11.5 और सिमडेगा में 13.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

चाईबासा में लगातार बढ़ रही गर्मी

अधिकतम तापमान के मामले में चाईबासा लगातार सबसे गर्म जिला बना हुआ है। बीते 24 घंटों में यहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे एक दिन पहले यानी 4 फरवरी को चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री दर्ज हुआ था।

राज्य में दूसरे स्थान पर सरायकेला रहा, जहां अधिकतम तापमान भी 31.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

अन्य जिलों में अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:

  • जमशेदपुर: 30.1 डिग्री

  • बोकारो: 29.1 डिग्री

  • पाकुड़: 29.1 डिग्री

  • खूंटी: 28.6 डिग्री

  • डालटनगंज: 27.6 डिग्री

  • देवघर: 27.4 डिग्री

  • लोहरदगा: 26.8 डिग्री

  • रांची: 26.6 डिग्री

  • गुमला: 26.3 डिग्री

  • कोडरमा: 25.9 डिग्री

  • हजारीबाग: 24.8 डिग्री

वहीं राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान लातेहार में दर्ज किया गया, जहां पारा 22.9 डिग्री रहा। मौसम केंद्र रांची के अनुसार 5 फरवरी की सुबह राज्य के कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिला। गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में दृश्यता काफी घट गई और विजिबिलिटी 50 मीटर से 200 मीटर के बीच रही। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में भी राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है। विभाग ने सुबह के समय ठंडी हवाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।