कोयला तस्करों पर चला CISF का डंडा, जुलाई में 395 टन से अधिक कोयला और 36 वाहन जब्त

कोयला तस्करों पर चला CISF का डंडा, जुलाई में 395 टन से अधिक कोयला और 36 वाहन जब्त

सीसीएल के करगली क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ जुलाई महीने में सीआईएसएफ ने व्यापक अभियान चलाकर तस्करों पर कड़ा प्रहार किया। कमांडेंट राजप्रताप सिंह की निगरानी में संचालित इस विशेष अभियान के तहत लगातार छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कई वाहनों को भी जब्त किया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पूरे महीने में कुल 46 स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 395.480 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹10.07 लाख आंकी गई है। यह कार्रवाई क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन और कोयला परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अभियान के दौरान अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में जीएमएमडीआर अधिनियम के तहत सात एफआईआर दर्ज कराई गईं। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 36 वाहनों को भी जब्त कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। जब्त किए गए वाहनों में 26 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, तीन स्कूटर, चार ऑटो और दो पिकअप वाहन शामिल हैं।

सीआईएसएफ अधिकारियों का कहना है कि करगली क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान जारी है। विभाग का दावा है कि जुलाई में हुई सघन कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार की गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।