रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम से रविवार सुबह एक 85 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हटिया संडे मार्केट निवासी और एचईसी से सेवानिवृत्त कर्मचारी योगेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, योगेंद्र प्रसाद शनिवार की शाम करीब चार बजे रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उनके बड़े बेटे विजय कुमार ने जगन्नाथपुर थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
रविवार सुबह धुर्वा डैम के आसपास घूमने पहुंचे कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। इसकी सूचना तुरंत नगड़ी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद इसकी जानकारी परिजनों को दी गई।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।