झारखंड में फिल्म निर्माण और मीडिया शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने की पहल के तहत राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की मौजूदगी में झारखंड मंत्रालय के सभागार में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDC) और कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर आयोजित औपचारिक समारोह में दोनों संस्थानों ने फिल्म, टेलीविजन और संबंधित रचनात्मक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य में फिल्म निर्माण, तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास और मीडिया शिक्षा के लिए नए अवसर तैयार करना है।
सरकार का मानना है कि इस समझौते से झारखंड के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान के साथ जुड़कर आधुनिक फिल्म एवं टेलीविजन शिक्षा और प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। साथ ही राज्य में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहन देने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह समझौता महत्वपूर्ण माना जा रहा है।