बरलंगा में दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि, CM हेमंत करेंगे 15 फीट प्रतिमा का अनावरण

बरलंगा में दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि, CM हेमंत करेंगे 15 फीट प्रतिमा का अनावरण

झारखंड आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित लुकैयाटांड़ शहीद स्मारक परिसर में आयोजित होगा, जहां राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 11 बजे श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शहीद स्मारक परिसर में स्थापित शिबू सोरेन की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। आयोजन में जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चल रही विकास परियोजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन भी मुख्यमंत्री के हाथों संपन्न होगा।

सरकारी सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की मौजूदगी रहने की संभावना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

रांची समाहरणालय में लगेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में रांची समाहरणालय परिसर में भी 4 अगस्त को विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय के सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यालय प्रधानों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने अपने अधीनस्थ कर्मियों को भी स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।

उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि समाजहित में किया गया यह योगदान दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।