गढ़वा: उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए गढ़वा पुलिस के पदाधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया। पुलिस केंद्र गढ़वा में बुधवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विगत समय में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान, विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान ड्यूटी में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कार्यालयीन कार्यों तथा कंप्यूटर/CCTNS से संबंधित कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, लगनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय गढ़वा सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों तथा जवानों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गढ़वा ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों, कर्तव्य के प्रति समर्पण और सराहनीय योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आप सभी की मेहनत और निष्ठा के कारण ही जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनी हुई है।
SP ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करना है, ताकि वे भविष्य में भी जनसेवा, अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के क्षेत्र में और अधिक तत्परता, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।पुलिस विभाग ने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और आम जनता को बेहतर सुविधा देने के लिए इस तरह के प्रोत्साहन कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट