पलामू जिले के मनातू थाना अंतर्गत रंगेया गांव के धांगरडीह टोला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 60 वर्षीय फागुनी भैया की लाठी-डंडों से पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद उनका शव घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह परिजन घर से बाहर निकले और फागुनी भैया को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत इसकी सूचना मनातू थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके की बारीकी से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक ओझा-गुणी का कार्य करता था। पुलिस को आशंका है कि इसी पेशे से जुड़ी किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
इस निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारण और शरीर पर आई चोटों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।