पलामू जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक बच्चे की जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृत बच्चे की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी अंश कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य स्कूटी से बटसरा से मेदिनीनगर स्थित निमिया स्कूल की ओर जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे एक तेज गति वाले ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में अंश कुमार को गंभीर चोटें आईं। वहीं उसकी मां सुनीता देवी, बहन अंशिका आकृति और नारायण कुमार रवि भी बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अंश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है और ट्रक की पहचान तथा उससे जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट