पलामू : पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पाण्डु थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए हथियार बनाने के उपकरण एवं अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
क्या है पूरा मामला
पांडु थाना कांड संख्या-46/2026, दिनांक 02.08.2026, धारा-25(1-B)a/26 आर्म्स एक्ट के प्राथमिकी अभियुक्त अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह उम्र करीब 25 वर्ष, पिता- बालमुकुन्द सिंह के घर से पूर्व में दो देशी कट्टा बरामद कर जप्त किया गया था। घटना के समय अभियुक्त घर पर उपस्थित नहीं था और गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था। पुलिस की लगातार दबिश के बाद अभियुक्त ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान अमित ने बताया कि बरामद दोनों देशी कट्टा उसने उदय मिस्त्री से खरीदे थे। साथ ही उसने बताया कि उदय मिस्त्री अपने पाही महुआ धाम स्थित घर में देशी कट्टा एवं अन्य हथियारों का निर्माण करता है।
मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन
अभियुक्त के स्वीकारोक्ति बयान में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान वहां अवैध रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया। मौके से हथियार निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण, अर्धनिर्मित हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। छापामारी के दौरान घर पर उपस्थित उदय मिस्त्री को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
वहीं उदय मिस्त्री जिसके पास से देशी कट्टा (1), अदद अर्धनिर्मित बंदूक का बट लकड़ी का (1), अदद अर्धनिर्मित लोहा का बैरल (2), अदद अर्धनिर्मित बंदूक का बट एवं बॉडी जिसमें ट्रीगर एवं ट्रीगर गार्ड लगा हुआ (1), अदद लोहा का ट्रीगर (1), अदद लोहा का हथौड़ी (1), अदद लोहा का रेती (5), अदद सलाई रिच (1), अदद रूखानी (2), अदद रेती (1), अदद रिच (2), अदद छेनी (1), अदद भरतुआ में लगाने वाला लोहा का समान (1), अदद लकड़ी में छेद करने वाला समान (2), अदद लोहा का हथकल सैंडसी जैसा बंदूक में लगने वाला लोहा का छोटा बड़ा टुकड़ा लगभग 70 अदद बरामद किया गया है।
पलामू पुलिस की अपील
अवैध हथियारों का निर्माण, भंडारण एवं खरीद-बिक्री एक गंभीर अपराध है। ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पलाम से विकास कश्यप की रिपोर्ट