तिरंगे के रंग में रंगा मेदिनीनगर! बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

तिरंगे के रंग में रंगा मेदिनीनगर! बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में सुधार और अन्य मांगों को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने एक बार फिर आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन का दावा किया है। पलामू में तिरंगा यात्रा के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा छात्रों की मांगों को लेकर सड़क से लेकर विधानसभा तक आवाज उठाती रहेगी।

मेदिनीनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी आंदोलन कर रहे छात्रों के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान होना जरूरी है।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के छात्र आंदोलन में शामिल होने के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रघुवर दास भी राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं और वह आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों की मांगों और उनकी परिस्थितियों को समझते हैं। मरांडी ने इस दौरान कहा कि भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन देश के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने के उद्देश्य से किया गया है।

गांधी मैदान से साहित्य समाज चौक तक निकली यात्रा

मेदिनीनगर के गांधी मैदान पार्क से भाजपा ने तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। कार्यक्रम की अगुवाई बाबूलाल मरांडी ने की। यात्रा शुरू करने से पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए साहित्य समाज चौक पहुंची। वहां नेताओं ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

तिरंगा यात्रा में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता और मेयर अरुणा शंकर समेत भाजपा के कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के संदेश के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया।