पलामू जिले में पुलिस ने बडी कार्रवाई की है। यहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक टोटो वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब को बरामद किया है। राज्य में हालांकि शराबबंदी नहीं है फिर भी धंधेबाज शराब की अवैध बिक्री से बाज नहीं आते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के बिश्रामपुर के अनुमंडलीय थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तोलरा रेलवे स्टेशन के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टोटो वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार कर शराब से लदा टोटो वाहन जब्त कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
इस बारे में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पुलिस इंस्पेक्टर राम आशीष पासवान एवं बिश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दो अगस्त की रात करीब 10:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि तोलरा की ओर से एक टोटो वाहन में अवैध शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना का सत्यापन करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सिल्वर रंग के टोटो वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या JH03U-8134) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 24 पेटी टनाका देसी शराब (590 पीस), तीन हैंड बैग में रॉयल डिलक्स कंपनी की 290 पीस देसी शराब तथा चार पेटी छबीली कंपनी की 150 पीस देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब से लदा टोटो वाहन भी जब्त कर लिया। पुलिस ने इसमें कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इनमें प्रमीला देवी (27 वर्ष), रिंकी देवी (35 वर्ष), रिंकू देवी (35 वर्ष), रमेश राम उर्फ बंगाल (45 वर्ष) तथा सुनील कुमार चौधरी (29 वर्ष) शामिल हैं।
युवा थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने कहा कि पलामू जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर शराब तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई करेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
मामले में विश्रामपुर थाना कांड संख्या 66/2026 दिनांक 02 अगस्त 2026 के तहत धारा 274/275 बीएनएस-2023 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिलेश कुमार, थाना सशस्त्र बल एवं नौगढा ओपी की पुलिस टीम शामिल रही।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट