पलामू। रासायनिक और जैविक खाद की डीलरशिप दिलवाने, पॉलीहाउस बनाने और पौधारोपण के नाम पर झारखंड और बिहार के 18 लोगों से लाखों रुपए की ठगी हुई है. ठगी करने वाली कंपनी अपना कार्यालय बंद करके फरार हो गई है. पूरे मामले में पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना में कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे मामले में अनुसंधान कर रही है.
दरअसल, मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बेरिया के इलाके में रासायनिक और जैविक खाद के नाम पर एक कंपनी का संचालन किया जा रहा था. कंपनी पलामू के हुसैनाबाद हैदरनगर पड़वा और बिहार के औरंगाबाद के इलाके में कई लोगों से संपर्क किया था. कंपनी के तरफ से किसी व्यक्ति को खाद कंपनी का डीलरशिप दिलवाने, किसी व्यक्ति को पॉलीहाउस का निर्माण करने जबकि किसी व्यक्ति को पौधारोपण में सहयोग करने की बात रखी थी.
इन सभी लोगों से कंपनी के द्वारा मोटी रकम ली गयी. कुछ लोगों को कंपनी के द्वारा चेक उपलब्ध करवाया गया जो बैंक में बाउंस कर गया. कंपनी के द्वारा पलामू और बिहार के औरंगाबाद के 18 लोगों से करीब 76.97 लाख रुपए की ठगी हुई है.
मेदिनीनगर नगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया पीड़ितों के आवेदन के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और पूरे मामले में अनुसंधान किया जा रहा है. अलग-अलग व्यक्तियों से अलग-अलग रकम की ठगी हुई है. हैदरनगर के रहने वाले इकबाल सिद्दीकी ने प्राथमिक की दर्ज करवाई है.
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट