झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच के क्रम में अपराध अनुसंधान विभाग ने पलामू पुलिस के सहयोग से जिले के मेदिनीनगर में दो शिक्षकों के आवासों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रविवार देर रात शुरू हुई, जो सोमवार सुबह तक चली। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सीआईडी एवं पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने शिक्षक रवि कुमार सिंह तथा पारा शिक्षक संतोष कुमार सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की। संतोष कुमार सिंह के हमीदगंज (बीएन कॉलेज क्षेत्र) स्थित आवास एवं नौडीहा स्थित घर की तलाशी ली गई, जबकि रवि कुमार सिंह के बारालोटा, मेदिनीनगर स्थित आवास पर भी जांच की गई। छापेमारी के दौरान टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ डिजिटल साक्ष्य भी मिले, जिन्हें जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है। इस कार्रवाई में पलामू पुलिस की विशेष टीम भी सीआईडी के साथ शामिल रही। सुरक्षा और जांच प्रक्रिया को देखते हुए जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की गई थी।
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने इस छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सीआईडी की कार्रवाई में जिला पुलिस आवश्यक सहयोग कर रही है। गौरतलब है कि JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में पलामू जिले में यह सीआईडी की पहली बड़ी छापेमारी मानी जा रही है। फिलहाल बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसी की ओर से अभी तक किसी गिरफ्तारी या निष्कर्ष की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच जारी है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट