पलामू: झारखंड के पलामू जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान फर्जी निवास प्रमाण पत्र का मामला सामने आया है। अब इस मामले में प्रशासनिक और पुलिस स्तर से जांच शुरू हो गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में एसआईआर के प्रक्रिया के दौरान फर्जी निवास प्रमाण पत्र पकड़ा गया। फर्जी निवास प्रमाण पत्र के मामले में प्रशासनिक और पुलिस ने जांच शुरू कर दी गयी है। फर्जी निवास प्रमाण पत्र एक प्रज्ञा केंद्र से जारी किया गया था।
बताया जा रहा है कि हरिहरगंज में बूथ संख्या 362 की सुनवाई हो रही थी। इसी क्रम में फातमा परवीन नामक महिला ने अपने पिता का स्थानीय निवास प्रमाण पत्र जमा किया। सुनवाई में शामिल अधिकारी को प्रमाण पत्र को लेकर संदेह हुआ और जांच शुरू की गई। प्रमाण पत्र की जांच हुई तो जानकारी मिली कि फातमा परवीन ने जिस स्थानीय निवास प्रमाण पत्र को जमा किया है, वह रवि रंजन कुमार नामक व्यक्ति का है।
पूरे मामले में महिला के द्वारा एक लिखित आवेदन सुनवाई में शामिल अधिकारियों को दिया गया। जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है। वह हरिहरगंज के सीता हाई स्कूल के पास मौजूद एक प्रज्ञा केंद्र में गई थी, जहां 30 मिनट में स्थानीय निवास प्रमाण पत्र बनाकर दिया गया। वहीं इस मामले को लेकर हरिहरगंज के अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा ने बताया कि पूरे मामले में जांच की जा रही है और अन्य दस्तावेजों को भी जांच की जा रही है। मामला पकड़ में आने के बाद एफआईआर दर्ज करवाया गया है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट