दुर्गा पूजा को लेकर CCTV कैमरे कराए गए दुरुस्त, थाना प्रभारी को एसपी ने किया सम्मानित

पुलिस अधीक्षक, पलामू के दिशा-निर्देशानुसार आगामी दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शहर में लगे CCTV कैमरों को दुरुस्त कराने की पहल की गई है।

पलामू: पुलिस अधीक्षक, पलामू के दिशा-निर्देशानुसार आगामी दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शहर में लगे CCTV कैमरों को दुरुस्त कराने की पहल की गई है। शहर में स्थापित कुल 113 CCTV कैमरों में से करीब 60 खराब कैमरों की मरम्मत शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार द्वारा कराई गई है।

इस सराहनीय पहल के लिए पुलिस अधीक्षक, पलामू द्वारा शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार को ₹5,000 की राशि से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

CCTV कैमरों के दुरुस्त होने से दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने में पुलिस को सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में सहूलियत होगी।

पुलिस अधीक्षक पलामू द्वारा दुर्गा पूजा से पहले शहर एवम् चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाकि बचे बन्द CCTV कैमरे को भी पुनः चालू करने का निर्देश दिया गया है। मरम्मती की कार्य चालू है जल्द ही सभी बन्द CCTV कैमरे पुनः चालू कर दी जाएगी।

पलामू पुलिस का उद्देश्य दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इस दिशा में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ पुलिस द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पलामू पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट