डीसी ने की राजस्व विभाग की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के दिए निर्देश

जिले में राजस्व वसूली और भूमि से जुड़ी सेवाओं को गति देने के लिए पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की।

पलामू: जिले में राजस्व वसूली और भूमि से जुड़ी सेवाओं को गति देने के लिए पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की।

उपायुक्त ने बैठक के दौरान सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह में तेजी लाई जाए। बकाया राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके अलावा ई-रेवेन्यू कोर्ट में लंबित दाखिल-खारिज, रसीद और परिमार्जन के मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने, परिसोधन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निपटारा निर्धारित समय सीमा में करने तथा भूमि सीमांकन से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पदाधिकारियों को स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिलें। उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और ऑनलाइन सेवाओं को और सुलभ बनाने पर भी जोर दिया ताकि लोगों को घर बैठे राजस्व संबंधी सुविधाएं मिल सकें। बैठक में राजस्व विभाग के वरीय पदाधिकारी और जिले के सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट