पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न नगर निकायों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मेदिनीनगर नगर निगम सहित विभिन्न नगर परिषद एवं नगर पंचायतों में संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में वर्टिकल-3 के ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-डी में पूर्ण हो चुके फ्लैटों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करते हुए अगले माह लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि पात्र परिवारों को शीघ्र आवास का लाभ मिल सके। बैठक में चियांकी पार्क के विकास कार्यों तथा मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को शीघ्र इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
समीक्षा के दौरान विभिन्न नगर निकायों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आम नागरिकों को निर्बाध एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं। बैठक के दौरान एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट), सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, साफ-सफाई, होल्डिंग एवं प्रॉपर्टी टैक्स वसूली, पार्कों के विकास, शहरी आधारभूत संरचना तथा अन्य विकास योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विकास योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी,जुडको एवं अर्बन लोकल बॉडी से जुड़े संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट