मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत चयनित लाभुकों को अपनी अंशदान राशि निर्धारित समयसीमा के भीतर जमा करने के लिए पशुपालन विभाग ने निर्देश जारी किया है। प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जिन लाभार्थियों ने अब तक अपने हिस्से की राशि बैंक खाते में जमा नहीं की है, उन्हें हर हाल में 10 जून तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उन्होंने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार योजना का लाभ केवल उन्हीं लोगों को मिल सकेगा, जो निर्धारित अवधि में अंशदान राशि जमा करेंगे। इसलिए चयनित लाभुकों से समय पर राशि जमा करने की अपील की गई है।
डॉ. सिंह ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत चैनपुर और रामगढ़ प्रखंडों में विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक पात्र आवेदकों का चयन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंशदान जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है और इस संबंध में किसी प्रकार का प्रस्ताव नहीं है।
गौरतलब है कि इस योजना के माध्यम से पात्र लाभुकों को श्रेणी के अनुसार 10 प्रतिशत अथवा 25 प्रतिशत अंशदान पर विभिन्न पशुधन एवं कुक्कुट इकाइयों का लाभ दिया जाता है। योजना के तहत बतख, मुर्गी, बकरी, गाय तथा अन्य पशुपालन आधारित इकाइयों का वितरण किया जाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध हो सकें।