पलामू जिले के हैदरनगर क्षेत्र में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग और डीएसी नंबर जारी होने के बावजूद निर्धारित समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस स्थिति से सैकड़ों परिवारों को दैनिक जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के संतोष कुमार चंद्रवंशी, बीरेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह समेत कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग की पुष्टि होने के बाद भी पिछले चार दिनों से उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है। उनका आरोप है कि वे लगातार गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। कई लोगों ने दावा किया कि एजेंसी के कर्मचारियों का व्यवहार भी संतोषजनक नहीं है और शिकायत करने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता।
उपभोक्ताओं के अनुसार एजेंसी परिसर में घंटों इंतजार करने के बाद भी गैस नहीं दी जाती। उनका आरोप है कि कुछ मामलों में अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है और ऐसा नहीं करने पर सिलेंडर देने में टालमटोल की जाती है। इस कथित मनमानी से आम लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस संबंध में प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को पहले भी शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका मानना है कि निगरानी के अभाव में वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा डीएसी नंबर के आधार पर समयबद्ध और घर-घर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग और अग्रिम भुगतान करने वाले ग्राहकों को भी समय पर सेवा नहीं मिल रही, जिससे डिजिटल व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम और त्योहारी अवधि में गैस सिलेंडर की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में आपूर्ति में देरी और कथित कालाबाजारी जैसी शिकायतें गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर पारदर्शी एवं जवाबदेह वितरण प्रणाली लागू करने की अपील की है।