पलामू जिले के पांकी– मेदिनीनगर मुख्य पथ पर मुरमुसी गांव के समीप शुक्रवार की शाम एक ऑटो और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बच्चे सहित तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांकी से मेदिनीनगर की ओर जा रही एक ऑटो की विपरीत दिशा से आ रही अपाचे मोटरसाइकिल से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेजा गया। चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण बाइक सवार की लापरवाही प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद मुख्य सड़क पर कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो और बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा नियमों का अनुपालन करने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट