नाला में मतदाता जागरूकता की गूंज, तीन प्रखंडों के चयनित छात्रों ने निबंध-क्विज में दिखाया हुनर

नाला विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंड नाला, कुंडहित और फतेहपुर से आए चयनित छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता को लेकर आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जामताड़ा : नाला विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंड नाला, कुंडहित और फतेहपुर से आए चयनित छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता को लेकर आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के तहत यह कार्यक्रम राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय नाला के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, उच्च विद्यालय, प्लस टू उच्च विद्यालय और केजीबीवी के वे छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जो पहले विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में सफल हुए थे। विद्यालय स्तर की परीक्षा पास करने के बाद ही उन्हें प्रखंड स्तर पर मौका मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता पूनम कच्छप एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। 

मौके पर मुख्य रूप से प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष उपस्थित रहे

मौके पर मुख्य रूप से प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में निबंध के माध्यम से छात्रों ने मतदान के महत्व पर अपने विचार रखे, वहीं क्विज में पूछे गए सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रखंड स्तर पर सफल होने वाले छात्र-छात्राओं को अब जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता का जागरूक होना जरूरी है। ईएलसी जैसे कार्यक्रम बच्चों को छोटी उम्र से ही मतदान के प्रति जागरूक कर रहे हैं, यह बहुत सराहनीय पहल है।

आज के छात्र ही आने वाले कल के जिम्मेदार मतदाता हैं

उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही आने वाले कल के जिम्मेदार मतदाता हैं, इसलिए उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझना होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो बच्चे यहां से चयनित होंगे, वे जिला स्तर पर भी नाला का नाम रोशन करेंगे। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी ने कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतंत्र को मजबूत बनाने की पहली सीढ़ी है। आज के छात्र ही कल के मतदाता हैं। अगर वे अभी से मतदान के महत्व को समझेंगे तो आने वाले समय में एक जागरूक समाज का निर्माण होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने कहा कि ईएलसी के माध्यम से बच्चों में मतदान के प्रति रुचि बढ़ रही है। तीनों प्रखंडों से चयनित बच्चों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। हमारा प्रयास है कि हर बच्चा अपने घर और गांव में भी मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाए। जिला स्तर पर भी हमारे बच्चे अच्छा करेंगे, ऐसी उम्मीद है। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार मंडल, बीआरपी सुनील कुमार मंडल सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट