दलाबड़ में गूंजे मनसा मैया के जयकारे, उल्लास के साथ संपन्न हुआ पूजा महोत्सव

झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड के दलाबड़ गांव में मंगलवार देर रात से शुरू हुआ मनसा पूजा का पर्व बुधवार को पूरे श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ।

झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड के दलाबड़ गांव में मंगलवार देर रात से शुरू हुआ मनसा पूजा का पर्व बुधवार को पूरे श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार भी गांव में देवी मनसा की आराधना को लेकर माहौल भक्तिमय रहा। 

दलाबड़ के कर्मकार टोला को पूजा का मुख्य केंद्र बनाया गया था। यहां शाम से ही महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। वारी पूजन के साथ-साथ गांव के विभिन्न मुहल्लों में मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति और सर्पदंश जैसी आपदाओं से बचाव के लिए मन्नतें मांगीं।पूजा स्थलों पर महिलाओं ने पारंपरिक झुमर और मनसा गीत गाकर माहौल को और भक्तिमय बना दिया। 

इस पूजा में बुजुर्ग जहां आस्था के साथ व्रत रखे हुए थे, वहीं बच्चे नए कपड़े पहनकर प्रसाद लेने के लिए उत्साहित दिखे।ग्रामीणों का कहना है कि दलाबड़ में मनसा पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है। यह गांव की एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है। खेती-किसानी से जुड़े इस इलाके में लोग मानते हैं कि मनसा मैया की कृपा से ही जहरीले जीवों से रक्षा होती है।

जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट