सारठ में 700 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने फ्री कंप्यूटर शिक्षा का किया ऐलान

सारठ विधानसभा क्षेत्र के सहरजोरी ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में 700 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

सारठ विधानसभा क्षेत्र के सहरजोरी ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में 700 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। पूर्व कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक रणधीर सिंह ने मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा शुरू करने की दिशा में प्रयास करने का भी ऐलान किया।

सारठ विधानसभा क्षेत्र के सहरजोरी स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 700 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईसीएल चितरा के महा प्रबंधक मदन मोहन कुमार भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पूर्व कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए वे पिछले 12 वर्षों से लगातार इस सम्मान समारोह का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने खुशी जताई कि हर साल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 60 विद्यालयों के 700 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया है, जबकि जो विद्यार्थी किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, उन्हें बाद में सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान रणधीर सिंह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पूरे सारठ विधानसभा क्षेत्र के बच्चों को मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि डिजिटल युग में क्षेत्र का कोई भी छात्र-छात्रा पीछे न रह जाए। उनके इस ऐलान का विद्यार्थियों और अभिभावकों ने जोरदार स्वागत किया।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट