जामताड़ा : जिला अंतर्गत फतेहपुर प्रखंड के फतेहपुर गांव के निमडंगाल टोला में भारी बरसात के कारण एक गरीब का आशियाना ढह गया। पीड़ित परिवार अब रिश्तेदार के घर में शरण लेने को मजबूर है। मामले को लेकर फतेहपुर निवासी जितेंद्र दास पिता जोगेंद्र दास ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी फतेहपुर को आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई है। आवेदन में पीड़ित ने बताया कि दिनांक 25/09/26 की रात करीब 10 बजे भारी बरसात के कारण उसका दो कमरे का मिट्टी का मकान भरभराकर गिर गया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मौके पर मनोज गोस्वामी ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। गरीब परिवार का घर बरसात में ढह जाना चिंताजनक है। मैंने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया है कि प्रशासन से बात कर जल्द से जल्द इन्हें आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा और हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।
भाजपा परिवार हमेशा गरीबों के साथ खड़ी है। जितेंद्र दास ने बताया कि उसके पास रहने के लिए अब अपना घर नहीं बचा है और वह अपने परिवार के साथ किसी तरह रिश्तेदार के घर पर रह रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे कराकर नया मकान देने की मांग की है।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट