झारखंड से बडी खबर है। यहां पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का एनकाउंटर कर दिया है। घटना तब घटी जब सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल में स्थानांतरित किया जा रहा था। घटना बीती देर रात की है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस सुजीत सिन्हा को अपने वाहन में लेकर साहिबगंज जेल से धनबाद जेल लेकर आ रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस का वाहन जामताड़ा थाना क्षेत्र की सुपायडीह पंचायत अंतर्गत मेला डंगाल गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक वाहन का टायर पंचर हो गया और गाड़ी रुक गई। पुलिस का आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर सुजीत ने एक जवान से हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भागने के दौरान सुजीत ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपनी जान बचाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस गोलीबारी में सुजीत सिन्हा को भी गोलियां लगीं। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से खोखे और छीना गया हथियार भी बरामद किया गया है।
जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सुजीत सिन्हा पर कई संगीन मामले दर्ज थे। उसे सुरक्षा के बीच धनबाद शिफ्ट किया जा रहा था। रास्ते में उसने पुलिस का हथियार छीनकर फरार होने और हमला करने की कोशिश की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में वह मारा गया। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सुजीत सिन्हा झारखंड में रंगदारी, हत्या और अपहरण जैसे मामलों में वांछित था। उसके मारे जाने के बाद जामताड़ा, धनबाद और साहिबगंज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है और वाहन पंचर होने से लेकर फायरिंग तक की हर कड़ी को खंगाल रही है।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट