जामताड़ा : नाला थाना परिसर में रविवार को आगामी दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ किशोर तिर्की ने की। बैठक में नाला नीचेपाड़ा गड़ेर दुर्गा मंदिर, ऊपरपाड़ा मंदिर, नेताजी स्टेडियम, आमलाजुड़ी, सियारकेटिया, बर्धनडंगाल, देवजोड़, अफजलपुर, लक्ष्मणपुर, पाथरघाटा, कुलडंगाल, सारेसकुंडा, गोपालपूर, बांखेत व आमलाजोड़ा सहित सभी दुर्गा पूजा पंडालों और मंडपों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पूजा समिति के सदस्य उपस्थित हुए। बैठक में सभी जगहों पर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा मनाने का निर्णय लिया गया।
मौके पर शांति समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि नवमी और दशमी के दिन मुख्य मार्गों को साफ रखा जाए
मौके पर शांति समिति के सदस्यों ने सुझाव दिया कि नवमी और दशमी के दिन मुख्य मार्गों को साफ रखा जाए, लाइटिंग व्यवस्था सुव्यवस्थित की जाए, पंडालों में पुलिस की तैनाती और विसर्जन के दौरान गश्ती बढ़ाई जाए। इस दौरान एसडीपीओ किशोर तिर्की ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था का पर्व है, इसे शांति और भाईचारे के साथ मनाना है। सभी पूजा समितियां डीजे में अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रखें। पंडाल के समीप पानी की व्यवस्था और अग्निशमन यंत्र अवश्य रखें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, पुलिस हर पल आपके साथ है।
थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने कहा- पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी
थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने कहा कि पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी पंडालों में सीसीटीवी और स्वयंसेवकों की तैनाती जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उपप्रमुख समर माजी ने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही पूजा शांतिपूर्ण होगी। सभी समितियां आपसी समन्वय बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि नाला में हर साल की तरह इस साल भी सौहार्द के साथ पूजा संपन्न हो।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट