सूखे नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जामताडा जिले के करमाटांड़ थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के नेतृत्व में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को 19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए युवक से बरामद माल की कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बागबैर-कालाझरिया मुख्य मार्ग पर शीतलपुर मैदान के पास पुलिस जांच कर रही थी। इसी दौरान हीरो स्प्लेंडर प्लस JH-21P-3347 को रोककर तलाशी ली गई। बाइक की डिक्की से पुलिस को 19 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। पूछताछ में बाइक सवार ने अपनी पहचान हेट भीठरा गांव निवासी शराफत अंसारी के रूप में बताई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गिरफ्तार युवक से गहन पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर शराफत के पिता मुर्तेज अंसारी के घर तुरंत छापा मारा गया। हालांकि घर से कुछ बरामद नहीं हुआ और मुर्तेज वहां नहीं मिला। पुलिस अब उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में नशे के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े कई अहम नाम सामने आए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनसे भी पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इस मामले में थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के लिखित बयान पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 53/26 दर्ज किया गया है। शराफत अंसारी और उसके पिता मुर्तेज अंसारी पर एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसे जामताड़ा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।इस अभियान में एसआई विकास कुमार तिवारी, मुकेश कुमार भोक्ता समेत थाना के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध धंधे के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
जामताडा से संतोष की रिपोर्ट