जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला प्रखंड क्षेत्र के लछुरायडीह फुटबॉल मैदान में शनिवार को आदिवासी सांवता सुसार आखड़ा समिति के द्वारा आदिवासी जोम सिम बिन्ती सह महासम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सह पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सीता सोरेन उपस्थित हुईं। उनका समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से नृत्यगीत तथा शॉल देकर स्वागत किया।
मंच पर आते ही पूर्व विधायक सीता सोरेन ने आदिवासी महानायक सिद्धू कान्हू,चांद भैरव तथा दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं अपने पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया। इस दौरान अपने संबोधन में पूर्व विधायक सीता सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी भाषा, संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव से है। इसे बचाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी ताकत है। जब तक हम अपनी जड़ों से जुड़े रहेंगे, तब तक कोई हमें कमजोर नहीं कर सकता। युवाओं को अपनी भाषा और परंपरा को आगे बढ़ाना होगा।उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने, शिक्षा पर ध्यान देने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में भारत जोगत रेन बिन्ती गुरु बाबा मानोतान सोमाई किस्कू मौजूद रहे।
इस दौरान उन्होंने समाज की एकता, परंपरा और जोम सिम बिन्ती के महत्व पर प्रकाश डाला।इस दौरान मनोरंजन हेतु आदिवासी समाज के सुपरस्टार गीतकार रथीन किस्कू ने गीत गाकर सबको झुमाया। उनके पारंपरिक गीतों पर उपस्थित लोगों ने खूब नृत्य किया। पूरा मैदान आदिवासी संस्कृति के रंग में रंग गया।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट