जामताड़ा में तलवार, फरसा और लाठी-डंडे से हमला, एक की मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल

जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चेरकी गांव में बुधवार को हुए जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कथित तौर पर रॉड, तलवार, फरसा और लाठी-डंडों से हुए हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 09, 2026, 10:33:00 AM

जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चेरकी गांव में बुधवार को हुए जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कथित तौर पर रॉड, तलवार, फरसा और लाठी-डंडों से हुए हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए धनबाद ले जाने के दौरान 62 वर्षीय सवित्री देवी की रास्ते में जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी बजरंगी पोद्दार को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित पक्ष के जयप्रकाश पोद्दार ने करमाटांड़ थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह वह खेती करने अपने खेत गए थे। इसी दौरान बजरंगी पोद्दार सहित कई लोग कथित रूप से रॉड, तलवार, फरसा और लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और हमला कर दिया। शिकायत में बजरंगी पोद्दार, रामू पोद्दार, दिनेश पोद्दार, गुलटन पोद्दार, गेंदो पोद्दार, सुखो पोद्दार, बजरंगी पोद्दार की पत्नी तथा सुमित्रा देवी सहित अन्य को नामजद किया गया है।

घटना में 35 वर्षीय प्रदीप पोद्दार का दाहिना हाथ टूट गया तथा सिर में गंभीर चोट लगी है। बताया जा रहा है कि सिर में चोट लगने के कारण वह बार-बार बेहोश हो रहे हैं। वहीं 63 वर्षीय अमृत पोद्दार के सिर में गंभीर चोट आई है और 48 वर्षीय परशुतन पोद्दार के पैर में गंभीर चोट लगी है।

गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को पहले करमाटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सवित्री देवी, प्रदीप पोद्दार और अमृत पोद्दार को धनबाद पीएमसीएच भेजा गया। रास्ते में ही सवित्री देवी की जान चली गई, जबकि प्रदीप पोद्दार और अमृत पोद्दार का धनबाद पीएमसीएच में इलाज जारी है।

घटना के बाद चेरकी गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बजरंगी पोद्दार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट