एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मनी RJD का 30वां स्थापना दिवस, लालू यादव के सिद्धांतों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प

जामताड़ा गायत्री नगर स्थित राष्ट्रीय जनता दल के जिला कार्यालय में रविवार को पार्टी का 30वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 05, 2026, 3:29:00 PM

जामताड़ा गायत्री नगर स्थित राष्ट्रीय जनता दल के जिला कार्यालय में रविवार को पार्टी का 30वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने की। इस अवसर पर प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अर्चना यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, अर्चना यादव और अशोक चौधरी ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। 

उन्होंने कहा कि राजद सामाजिक न्याय और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है तथा कार्यकर्ता संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नेताओं ने कहा कि वे लालू यादव के सिद्धांतों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को जामताड़ा के हर गांव तक पहुंचाने का संकल्प लेते हैं। 

उन्होंने लालू यादव को गरीबों और अत्यंत पिछड़े वर्ग का नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने समाज के वंचित वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने का काम किया है। कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती और एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ।

संतोष कुमार, जामताड़ा