जामताड़ा में वज्रपात का कहर, धान की खेती करने गए किसान की गई जान

जामताड़ा में वज्रपात का कहर, धान की खेती करने गए किसान की गई जान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 20, 2026, 3:40:00 PM

जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड की भेलुआ पंचायत स्थित चड़कमारा गांव में सोमवार को वज्रपात की दर्दनाक घटना में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मणिलाल सोरेन के रूप में हुई है, जो धान की खेती की तैयारी के लिए अपने खेत में काम कर रहे थे।

बताया गया कि सुबह खेत की जुताई के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। इसी दौरान बिजली सीधे मणिलाल सोरेन पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन जब तक उन्हें बचाने पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर कुंडहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मणिलाल सोरेन अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी सहित पूरा परिवार गहरे संकट में आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। साथ ही लोगों से खराब मौसम और वज्रपात के दौरान खेतों व खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट