नाला (जामताड़ा): नाला प्रखंड के महेशमुंडा पंचायत स्थित तिलाबनी गांव के जबड़ा टोला में बीते 6 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बारिश के दौरान ठनका गिरने से ट्रांसफॉर्मर जल जाने के कारण पूरा टोला अंधकार में है। भीषण गर्मी, पेयजल संकट और पढ़ाई बाधित होने से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया है।
गर्मी में बेहाल, रात में दहशत
दिन भर आसमान से आग बरस रही है। पंखा-कूलर बंद पड़े हैं। घर के अंदर भी चिलचिलाती गर्मी से राहत नहीं। शाम ढलते ही पूरे टोले में घुप्प अंधेरा पसर जाता है। बरसात के कारण सांप-बिच्छू के निकलने का डर अलग सता रहा है। मजबूरी में लोग घरों में ही कैद हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को हो रही है। स्कूल के बच्चों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह ठप है। न रोशनी है न मोबाइल चार्ज।
पीने के पानी का संकट गहराया
बिजली नहीं होने से चापाकल और सबमर्सिबल पंप भी बंद हैं। पीने के पानी के लिए लोग भटक रहे हैं। मोबाइल और टॉर्च चार्ज करने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी सूचना बिजली विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई अधिकारी या तकनीकी टीम गांव नहीं पहुंची।
जदयू नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी
इस मामले पर जदयू जिला अध्यक्ष सुनील राय ने विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से बिजली गुल है। विभाग को ट्रांसफॉर्मर खराब होने की जानकारी दे दी गई हैं। अधिकारियों ने जल्द ठीक करने का भरोसा भी दिया है, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 24 से 48 घंटे के अंदर बिजली बहाल नहीं की गई तो गांव के लोग प्रखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और अंधेरे ने जीना मुहाल कर दिया है। अब विभाग कब नींद से जागेगा, यही सवाल सबके मन में है। मौके पर शंभू राय, बुधन राय, भूमिका राय,लक्ष्मी राय, शानु राय, मंजू राय, शांति राय ,पूनम राय, दिनु राय ,सुभाष राय, धामा मुर्मू, संजीत राय, निशान राय,शकुंतला राय आदि जबड़ा टोला के ग्रामीण उपस्थित थे।
संतोष कुमार, नाला (जामताड़ा)