जामताड़ा : जिले में दुर्गा पूजा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से नाला थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। एसडीपीओ किशोर तिर्की के नेतृत्व में शुक्रवार को नाला थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च की शुरुआत नाला थाना परिसर से की गई। थाना से निकलकर पुलिस बल मछलीपट्टी पहुंचा, वहां से गोपालपुर होते हुए बजरंगबली चौक तक गया।
इसके बाद नेताजी स्टेडियम से होते हुए सड़क मार्ग पर गश्त करते हुए फ्लैग मार्च पुनः नाला थाना में आकर समाप्त हुआ। इस दौरान सभी पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान पैदल मार्च करते हुए नजर आए। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिल-जुलकर दुर्गा पूजा मनाने का संदेश दिया।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत थाना को सूचित करें।
पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। इस फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी विकास कुमार यादव, एसआई सूचित राणा, एएसआई संजय कुमार गहलोत, एएसआई चंदन कुमार सिंह, निताई दास सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट