जामताडा जिले में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को फतेहपुर प्रखंड में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मंडल ने की। सुबह के सत्र में फतेहपुर स्थित श्री 108 नदी धाम महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर के पुजारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा और सामाजिक समरसता का संदेश देना ही इस सम्मान का उद्देश्य है।शाम होते ही मुरीडीह स्थित शिव मंदिर प्रांगण भक्तिमय हो उठा। बोल बम कावरियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। संत रविदास की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव किया गया। इसके बाद भजन-कीर्तन और प्रवचन के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। वातावरण जय गुरु रविदास के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के जिला संयोजक सह भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती को पूरे वर्ष समरसता संकल्प अभियान के रूप में मनाया जाएगा। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर माघी पूर्णिमा तक चलेगा। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर, संत रविदास की जन्मस्थली से 11 पवित्र कलशों से सुसज्जित एक भव्य रथ रवाना होगा। यह रथ गुमला होते हुए झारखंड में प्रवेश करेगा। रांची के पहाड़ी मंदिर में रथ का 5 दिनों तक विधि-विधान से पूजन होगा। इसके बाद यह रथ झारखंड के सभी जिलों और प्रखंडों में जाएगा। हर मंडल के प्रतिष्ठित मंदिरों में पूजा-अर्चना, रात्रि विश्राम और भजन-कीर्तन के साथ इसका स्वागत किया जाएगा। यह अभियान सात महीने तक प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक चलेगा।
इस दौरान मनोज गोस्वामी ने कहा कि संत रविदास ने कहा था 'मन चंगा तो कठौती में गंगा'। उनके वचनों को धागे की तरह पिरोकर ही हम समाज में एकता और भाईचारे की डोर मजबूत कर सकते हैं। 'समरसता संकल्प अभियान' उसी मानवता और एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर संघर्षशील नेता विष्णु मंडल, मंडल महामंत्री निर्मल भंडारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी, अमित महतो, अमित मंडल, षष्ठी मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट